Class 9 Anveshan Science Chapter 6 Notes | गति पर बलों का प्रभाव नोट्स

Class 9 Anveshan Science Chapter 6 Notes theme image

कक्षा 9 विज्ञान – अध्याय 6 : गति पर बलों का प्रभाव (Effect of Forces on Motion)

1. बल की अवधारणा (Concept of Force)

दैनिक जीवन में हम किसी वस्तु को गति में लाने, उसकी गति रोकने, दिशा बदलने अथवा आकार में परिवर्तन करने के लिए उस पर धक्का (Push) या खिंचाव (Pull) लगाते हैं। भौतिक विज्ञान में धक्का या खिंचाव लगाने की इस क्रिया को बल (Force) कहते हैं।

बल एक सदिश राशि (Vector Quantity) है। इसलिए इसे पूर्ण रूप से व्यक्त करने के लिए इसके परिमाण (Magnitude) और दिशा (Direction) दोनों की जानकारी आवश्यक होती है।

बल (Force): वह भौतिक राशि जो किसी वस्तु की विरामावस्था, गति की अवस्था, वेग की दिशा अथवा आकार में परिवर्तन कर सकती है, बल कहलाती है।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • बल एक सदिश राशि है।
  • बल का परिमाण उसकी प्रबलता को व्यक्त करता है।
  • बल का एसआई मात्रक न्यूटन (Newton) है। इसका प्रतीक N है।
  • किसी बल का परिमाण या दिशा बदलने पर उसका प्रभाव भी बदल जाता है।

2. बल के परिमाण को मापना (Measurement of Force)

किसी वस्तु पर लगाए गए बल का परिमाण मापने के लिए कमानीदार तुला (Spring Balance) का उपयोग किया जाता है।

कमानीदार तुला के स्वतंत्र सिरे को खींचने पर उसके अंदर की स्प्रिंग में खिंचाव उत्पन्न होता है। यह तुला लगाए गए बल का परिमाण प्रदर्शित करती है।

इसका उपयोग किसी वस्तु का भार मापने के साथ-साथ सामान्य रूप से बल मापने के लिए भी किया जाता है।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • बल का एसआई मात्रक न्यूटन (N) है।
  • 1 न्यूटन वह बल है जो 1 किलोग्राम द्रव्यमान की वस्तु में 1 मीटर प्रति सेकंड वर्ग का त्वरण उत्पन्न करता है।
  • दैनिक जीवन में अनुभव किए जाने वाले छोटे बल मिलीन्यूटन (10^-3 N)) की कोटि के हो सकते हैं।
Spring Balance Kamanidar tula

3. संतुलित एवं असंतुलित बल (Balanced and Unbalanced Forces)

सामान्यतः किसी वस्तु पर एक समय में एक से अधिक बल कार्य करते हैं। वस्तु की गति पर इन सभी बलों का संयुक्त प्रभाव निर्भर करता है।

उदाहरण के लिए, जब हम फर्श पर रखे किसी बक्से को धकेलते हैं, तो उस पर लगाया गया बल आगे की दिशा में तथा घर्षण बल विपरीत दिशा में कार्य करता है। इन सभी बलों के संयुक्त प्रभाव को परिणामी बल (Net Force) कहते हैं।

3.1 संतुलित बल (Balanced Forces)

जब किसी वस्तु पर कार्य करने वाले बलों का परिणामी बल शून्य होता है, तो वे संतुलित बल कहलाते हैं। F net=0

उदाहरण: रस्साकशी में जब दोनों टीमें बराबर परिमाण के बल विपरीत दिशाओं में लगाती हैं, तो रस्सी विस्थापित नहीं होती।

3.2 असंतुलित बल (Unbalanced Forces)

जब किसी वस्तु पर कार्य करने वाले बलों का परिणामी बल शून्य नहीं होता, तो वे असंतुलित बल कहलाते हैं। F net = <0>

उदाहरण: रस्साकशी में जब एक टीम दूसरी टीम की तुलना में अधिक बल लगाती है, तो रस्सी अधिक बल वाली दिशा में खिसकती है।

3.3 परिणामी बल (Net Force)

किसी वस्तु पर कार्य करने वाले सभी बलों के संयुक्त प्रभाव को परिणामी बल कहते हैं।

Screenshot 2026 11 15 103839

परिणामी बल की दिशा अधिक परिमाण वाले बल की दिशा में होती है।

Balanced Force Example

महत्वपूर्ण बिंदु

  • संतुलित बलों का परिणामी बल शून्य होता है।
  • असंतुलित बलों का परिणामी बल शून्य नहीं होता।
  • संतुलित बल किसी वस्तु के वेग में परिवर्तन नहीं करते।
  • असंतुलित बल वस्तु के वेग में परिवर्तन उत्पन्न करते हैं।
  • किसी वस्तु पर कई बल कार्य कर सकते हैं, लेकिन उसकी गति परिणामी बल पर निर्भर करती है।
  • समान और विपरीत बल यदि किसी बड़ी वस्तु के अलग-अलग सिरों पर लगाए जाएँ, तो वह वस्तु घूम भी सकती है।

4. घर्षण बल(Friction Force) – प्रायः अनदेखा परंतु सदैव विद्यमान बल

जब हम फर्श पर रखे किसी बक्से को धक्का देते हैं, तो कई बार पर्याप्त बल लगाने के बावजूद बक्सा गति करना शुरू नहीं करता। इसका कारण बक्से और फर्श के बीच उत्पन्न होने वाला घर्षण बल है।

घर्षण बल लगाए गए बल के कारण होने वाली गति का विरोध करता है। वस्तु तब गति करना शुरू करती है जब लगाया गया बल विरोध करने वाले घर्षण बल से अधिक हो जाता है।

घर्षण बल (Friction Force): संपर्क में आने वाली दो सतहों के बीच उत्पन्न होने वाला वह बल जो उनके बीच होने वाली सापेक्ष गति का विरोध करता है, घर्षण बल कहलाता है।

अभिलंब बल (Normal Force): किसी सतह द्वारा उस पर रखी वस्तु पर सतह के लंबवत लगाया गया बल अभिलंब बल कहलाता है।

किसी वस्तु पर लगने वाले प्रमुख बल

जब कोई व्यक्ति फर्श पर रखे बक्से को धकेलता है, तो बक्से पर मुख्य रूप से निम्नलिखित बल कार्य करते हैं:

  1. प्रयुक्त बल (Applied Force) – आगे की दिशा में।
  2. घर्षण बल (Friction Force) – गति की विपरीत दिशा में।
  3. गुरुत्वाकर्षण बल (Gravitational Force) – नीचे की दिशा में।
  4. अभिलंब बल (Normal Force) – सतह के लंबवत ऊपर की दिशा में।
Garshan bal

Note: क्षैतिज सतह पर सामान्य स्थिति में गुरुत्वाकर्षण बल और अभिलंब बल एक-दूसरे को संतुलित करते

महत्वपूर्ण बिंदु

  • घर्षण बल गति की विपरीत दिशा में कार्य करता है।
  • घर्षण बल संपर्क में आने वाली सतहों की प्रकृति पर निर्भर करता है।
  • खुरदुरी सतहों पर सामान्यतः घर्षण अधिक तथा चिकनी सतहों पर कम होता है।
  • जब वस्तु पर लगाया गया बल घर्षण बल से अधिक होता है, तब वस्तु गति करना शुरू करती है।
  • यदि घर्षण बल शून्य हो, तो गतिशील वस्तु को नियत वेग से गतिमान रखने के लिए अतिरिक्त बल की आवश्यकता नहीं होती।

5. न्यूटन का गति का प्रथम नियम (Newton’s First Law of Motion)

प्राचीन समय में यह माना जाता था कि किसी वस्तु को निरंतर गतिमान रखने के लिए लगातार बल लगाना आवश्यक है।

लेकिन गैलीलियो गैलिली (Galileo Galilei) ने विचार प्रयोगों के माध्यम से स्पष्ट किया कि किसी वस्तु की गति में बाधा उत्पन्न करने वाला प्रमुख कारण घर्षण है। यदि सभी बाधाएँ समाप्त कर दी जाएँ, तो गतिशील वस्तु अनिश्चित काल तक नियत वेग से गति करती रहेगी।

आइजैक न्यूटन (Isaac Newton) ने इस विचार को आगे विकसित करते हुए गति का प्रथम नियम प्रस्तुत किया।

न्यूटन के गति के प्रथम नियम का कथन

कोई वस्तु विरामावस्था में है तो वह विरामावस्था में ही रहेगी और यदि गति की अवस्था में है तो नियत वेग से गति करती रहेगी, जब तक कि उस पर कोई परिणामी बल कार्य न करे। इस नियम को जड़त्व का नियम (Law of Inertia) भी कहते हैं।

5.1 जड़त्व (Inertia)

किसी वस्तु का वह प्राकृतिक गुण जिसके कारण वह अपनी विरामावस्था या एकसमान गति की अवस्था में होने वाले परिवर्तन का विरोध करती है, जड़त्व कहलाता है।

5.2 जड़त्व और द्रव्यमान का संबंध

किसी वस्तु का द्रव्यमान उसके जड़त्व की माप होता है।

  • अधिक द्रव्यमान वाली वस्तु में अधिक जड़त्व होता है।
  • कम द्रव्यमान वाली वस्तु में कम जड़त्व होता है।

उदाहरण: खाली डोंगी की तुलना में यात्री से भरी डोंगी को समान बल से गति प्रदान करना अधिक कठिन होता है।

प्रथम नियम के अनुसार गति की अवस्थाएँ

1. वस्तु विरामावस्था में हो:

  • उसका वेग शून्य होता है।
  • परिणामी बल शून्य होने पर वह विरामावस्था में ही रहती है।
  • उसका त्वरण शून्य होता है।

2. वस्तु नियत वेग से गतिमान हो:

  • उसका वेग समय के साथ नहीं बदलता।
  • परिणामी बल शून्य होता है।
  • उसका त्वरण शून्य होता है।

स्थिति-समय एवं वेग-समय ग्राफ

वस्तु की अवस्थास्थिति-समय ग्राफवेग-समय ग्राफ
विरामावस्थासमय-अक्ष के समानांतर सीधी रेखाशून्य वेग पर समय-अक्ष
नियत वेग से गतिझुकी हुई सीधी रेखानियत वेग पर समय-अक्ष के समानांतर रेखा
Newtons st Law

महत्वपूर्ण बिंदु

  • न्यूटन के प्रथम नियम के अनुसार परिणामी बल शून्य होने पर त्वरण भी शून्य होता है।
  • नियत वेग में चाल और दिशा दोनों अपरिवर्तित रहते हैं।
  • गतिशील वस्तु को नियत वेग से चलाते रहने के लिए बल की आवश्यकता नहीं होती, यदि उस पर कोई विरोधी बल कार्य न कर रहा हो।
  • वस्तु के वेग में परिवर्तन करने के लिए परिणामी बल आवश्यक है।

6. न्यूटन का गति का द्वितीय नियम (Newton’s Second Law of Motion)

न्यूटन का प्रथम नियम बताता है कि परिणामी बल शून्य होने पर वस्तु की गति में परिवर्तन नहीं होता। लेकिन जब किसी वस्तु पर परिणामी बल कार्य करता है, तो उसके वेग में परिवर्तन होता है। वेग में परिवर्तन होने का अर्थ है कि वस्तु में त्वरण (Acceleration) उत्पन्न होता है।

न्यूटन का द्वितीय नियम परिणामी बल, द्रव्यमान और त्वरण के बीच संबंध स्थापित करता है।

6.1 बल और त्वरण के बीच संबंध

एक ही द्रव्यमान की वस्तु पर अधिक बल लगाने से अधिक त्वरण उत्पन्न होता है। अर्थात् नियत द्रव्यमान के लिए त्वरण परिणामी बल के समानुपाती होता है।

6.2 द्रव्यमान और त्वरण के बीच संबंध

जब समान परिमाण का बल अलग-अलग द्रव्यमान वाली वस्तुओं पर लगाया जाता है, तो कम द्रव्यमान वाली वस्तु में अधिक त्वरण उत्पन्न होता है। अर्थात् नियत बल के लिए त्वरण द्रव्यमान के व्युत्क्रमानुपाती होता है।

Newtons 2nd law

जहाँ,

  • F = परिणामी बल
  • m = वस्तु का द्रव्यमान
  • a = वस्तु में उत्पन्न त्वरण

न्यूटन के गति के द्वितीय नियम का कथन

जब किसी वस्तु पर कोई परिणामी बल कार्य करता है, तो वस्तु परिणामी बल की दिशा में त्वरित होती है। त्वरण का परिमाण परिणामी बल के परिमाण के समानुपाती तथा वस्तु के द्रव्यमान के व्युत्क्रमानुपाती होता है।

6.3 एक न्यूटन बल की परिभाषा

एक न्यूटन (1 N): वह बल जो 1 kg द्रव्यमान वाली वस्तु में 1 m/s² का त्वरण उत्पन्न करता है, एक न्यूटन कहलाता है।

6.4 संवेग (Momentum)

परिभाषा: किसी वस्तु के द्रव्यमान और उसके वेग के गुणनफल को संवेग कहते हैं। संवेग एक सदिश राशि है।

p=mv

जहाँ,

  • p = संवेग
  • m = द्रव्यमान
  • v = वेग

संवेग का एसआई मात्रक: kgm/s

संवेग की दिशा: संवेग की दिशा वही होती है जो वस्तु के वेग की दिशा होती है।

संवेग के पदों में न्यूटन का द्वितीय नियम

किसी वस्तु के संवेग में परिवर्तन की दर परिणामी बल के समानुपाती होती है तथा संवेग में परिवर्तन उसी दिशा में होता है जिस दिशा में परिणामी बल कार्य करता है।

Newtons 2nd Law in Momentum

6.5 गुरुत्वीय त्वरण एवं गुरुत्वाकर्षण बल

पृथ्वी प्रत्येक वस्तु को अपनी ओर आकर्षित करती है। पृथ्वी द्वारा किसी वस्तु पर लगाया गया यह बल उसका भार (Weight) कहलाता है।

पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण बल के कारण वस्तु में उत्पन्न त्वरण को गुरुत्वीय त्वरण (Acceleration due to Gravity) कहते हैं। इसे g से प्रदर्शित करते हैं।

g=9.8m/s2 g=9.8\,m/s^2

त्वरित गणना के लिए,

g≈10m/s2 g\approx10\,m/s^2

न्यूटन के द्वितीय नियम के अनुसार, F=mg

जहाँ m वस्तु का द्रव्यमान है।

महत्वपूर्ण: गुरुत्वीय त्वरण g का मान वस्तु के द्रव्यमान पर निर्भर नहीं करता।

6.6 न्यूटन के द्वितीय नियम के दैनिक जीवन में अनुप्रयोग

1. क्रिकेट में गेंद पकड़ना

जब क्षेत्ररक्षक तेज गति से आती गेंद को पकड़ता है, तो वह अपने हाथों को धीरे-धीरे पीछे की ओर खींचता है।

  • इससे गेंद के रुकने का समय बढ़ जाता है।
  • गेंद के वेग में परिवर्तन की दर कम हो जाती है।
  • फलस्वरूप हाथों पर लगने वाला बल कम हो जाता है।
  • चोट लगने की संभावना कम होती है।
Momentum 2nd Law

2. वाहनों में एयरबैग

दुर्घटना के समय एयरबैग फूलकर एक नरम गद्दी का कार्य करता है। इससे चालक और यात्रियों के रुकने का समय बढ़ जाता है। परिणामस्वरूप त्वरण तथा शरीर पर लगने वाला बल कम हो जाता है और गंभीर चोट की संभावना घटती है।

Air bag 2nd Law

3. नारियल का टूटना

जब नारियल तीव्र वेग से किसी कठोर सतह से टकराता है, तो वह बहुत कम समय में रुक जाता है। उसके वेग में तीव्र परिवर्तन के कारण उस पर बहुत अधिक बल कार्य करता है, जिससे नारियल टूट सकता है।

Cocunut 2nd Law

4. काँच की वस्तुओं की पैकिंग

काँच की वस्तुओं को बुलबुलों वाली प्लास्टिक शीट या सूखी घास में लपेटा जाता है। इससे टकराने पर रुकने का समय बढ़ जाता है और वस्तु पर लगने वाला बल कम हो जाता है।

7. न्यूटन का गति का तृतीय नियम (Newton’s Third Law of Motion)

जब दो वस्तुएँ एक-दूसरे के साथ परस्पर क्रिया करती हैं, तो दोनों एक-दूसरे पर बल लगाती हैं।

उदाहरण के लिए, जब हम पैर से गेंद को मारते हैं, तो पैर गेंद पर बल लगाता है। उसी समय गेंद भी हमारे पैर पर विपरीत दिशा में बल लगाती है। इस प्रकार परस्पर क्रिया करने वाली वस्तुओं पर लगने वाले बल हमेशा युग्म में होते हैं।

न्यूटन के गति के तृतीय नियम का कथन

जब भी कोई वस्तु किसी दूसरी वस्तु पर बल लगाती है, तो दूसरी वस्तु भी उसी समय पहली वस्तु पर बराबर बल विपरीत दिशा में लगाती है।

इसे सामान्य रूप से इस प्रकार भी व्यक्त करते हैं: प्रत्येक क्रिया के बराबर एवं विपरीत दिशा में प्रतिक्रिया होती है।

7.1 क्रिया एवं प्रतिक्रिया बल (Action and Reaction)

  • क्रिया और प्रतिक्रिया बल का परिमाण बराबर होता है।
  • दोनों बलों की दिशाएँ विपरीत होती हैं।
  • दोनों बल एक ही समय पर कार्य करते हैं।
  • दोनों बल अलग-अलग वस्तुओं पर कार्य करते हैं।
  • इसलिए क्रिया और प्रतिक्रिया बल एक-दूसरे को संतुलित नहीं करते।

7.2 न्यूटन के तृतीय नियम के अनुप्रयोग

1. चलना और दौड़ना

जब हम चलते हैं, तो अपने पैरों से पृथ्वी की सतह को पीछे की ओर धकेलते हैं। पृथ्वी की सतह हमारे पैरों पर आगे की ओर घर्षण बल लगाती है।

इसी बल के कारण हम आगे बढ़ पाते हैं।

2. साइकिल चलाना

साइकिल चलाते समय पहिए सड़क पर पीछे की ओर बल लगाते हैं। सड़क पहियों पर आगे की ओर बल लगाती है, जिससे साइकिल आगे बढ़ती है।

3rd law example cycle

3. पेड़ पर चढ़ना

पेड़ पर चढ़ते समय व्यक्ति अपने पैरों से पेड़ के तने को नीचे की ओर धकेलता है। तना घर्षण बल के रूप में व्यक्ति के पैरों पर ऊपर की ओर बल लगाता है।

इसी कारण व्यक्ति ऊपर चढ़ पाता है।

4. नाव का आगे बढ़ना

नाविक चप्पू से जल को पीछे की ओर धकेलता है। जल चप्पू पर बराबर बल विपरीत दिशा में अर्थात् आगे की ओर लगाता है।

इस बल के कारण चप्पू और नाव आगे बढ़ते हैं।

5. रॉकेट का प्रमोचन (Rocket Propulsion)

रॉकेट इंजन गैसों को नीचे की ओर तीव्र गति से बाहर निकालता है। इसके परिणामस्वरूप गैसें रॉकेट पर ऊपर की ओर बराबर बल लगाती हैं।

जब ऊपर की ओर परिणामी बल रॉकेट के भार से अधिक होता है, तो रॉकेट ऊपर की ओर उड़ान भरता है।

चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने भी गैसों के निष्कासन के माध्यम से अपनी गति कम करने के लिए इसी सिद्धांत का उपयोग किया था।

3rd law example rocket

6. बंदूक का प्रतिक्षेप (Recoil of Gun)

जब बंदूक से गोली चलाई जाती है, तो बंदूक गोली पर आगे की ओर बल लगाती है। प्रतिक्रिया स्वरूप गोली बंदूक पर पीछे की ओर बराबर बल लगाती है।

इस कारण बंदूक पीछे की ओर झटका खाती है, जिसे प्रतिक्षेप कहते हैं।

7.3 संपर्क एवं असंपर्क बलों पर तृतीय नियम

न्यूटन का तृतीय नियम केवल संपर्क बलों पर ही नहीं, बल्कि असंपर्क बलों पर भी लागू होता है।

उदाहरण:

  • चुंबकीय बल: दो छड़ चुंबक एक-दूसरे पर बराबर एवं विपरीत चुंबकीय बल लगाते हैं।
  • स्थिरवैद्युत बल: दो समान रूप से आवेशित गुब्बारे एक-दूसरे पर बराबर एवं विपरीत बल लगाते हैं।
  • गुरुत्वाकर्षण बल: पृथ्वी और फल एक-दूसरे पर बराबर एवं विपरीत गुरुत्वाकर्षण बल लगाते हैं।

महत्वपूर्ण बिंदु

  • बल सदैव युग्म में कार्य करते हैं।
  • क्रिया और प्रतिक्रिया बल का परिमाण बराबर होता है।
  • इनकी दिशाएँ विपरीत होती हैं।
  • ये अलग-अलग वस्तुओं पर कार्य करते हैं।
  • समान बल अलग-अलग द्रव्यमान वाली वस्तुओं में समान त्वरण उत्पन्न नहीं करते।
  • अधिक द्रव्यमान वाली वस्तु में समान बल के कारण कम त्वरण उत्पन्न होता है।

8. वस्तुओं के निकाय पर लगने वाले बल (Forces on a System of Objects)

अब तक न्यूटन के गति के नियमों का अध्ययन एक वस्तु पर लागू करके किया गया है। लेकिन वास्तविक जीवन में कई वस्तुएँ आपस में जुड़ी होती हैं और एक साथ गति करती हैं।

ऐसी स्थिति में प्रत्येक वस्तु का अलग-अलग अध्ययन करने के बजाय सभी जुड़ी हुई वस्तुओं को एक निकाय (System) मानकर अध्ययन करना अधिक सरल होता है।

निकाय (System): दो या दो से अधिक परस्पर जुड़ी हुई वस्तुओं के समूह को निकाय कहते हैं।

निकाय पर कार्य करने वाले बल मुख्यतः दो प्रकार के होते हैं:

1. आंतरिक बल (Internal Forces): निकाय के भीतर स्थित वस्तुओं द्वारा एक-दूसरे पर लगाए गए बल आंतरिक बल कहलाते हैं।

2. बाह्य बल (External Forces): निकाय के बाहर से उस पर लगाए गए बल बाह्य बल कहलाते हैं।

उदाहरण – डोरी से जुड़ी दो पेटिकाएँ

मान लीजिए (m 1) और (m 2) द्रव्यमान की दो पेटिकाएँ एक डोरी से जुड़ी हुई हैं। इन्हें घर्षण रहित क्षैतिज सतह पर रखा गया है। यदि पहली पेटिका पर दाईं ओर F बल लगाया जाता है, तो डोरी के माध्यम से दोनों पेटिकाएँ गति करती हैं।

इस स्थिति में:

  • डोरी द्वारा लगाया गया तनाव (Tension) आंतरिक बल है।
  • बाहर से लगाया गया बल F बाह्य बल है।
  • दोनों पेटिकाओं का कुल द्रव्यमान (m1+m2) होगा।

न्यूटन के द्वितीय नियम के अनुसार, F=ma

Screenshot 2026 11 15 115610
Screenshot 2026 11 15 115558

महत्वपूर्ण बिंदु

  • निकाय का अध्ययन करने पर आंतरिक बलों की अलग-अलग गणना करने की आवश्यकता नहीं होती।
  • निकाय पर कार्य करने वाले बाह्य बल तथा कुल द्रव्यमान महत्वपूर्ण होते हैं।
  • जुड़े हुए पिंडों की गति का विश्लेषण निकाय के रूप में करना अधिक सरल होता है।
  • इस विधि का उपयोग जटिल वस्तुओं की गति का अध्ययन करने में भी किया जाता है।

9. न्यूटन के गति के तीनों नियमों में अंतर

आधारप्रथम नियमद्वितीय नियमतृतीय नियम
अन्य नामजड़त्व का नियमबल एवं त्वरण का नियमक्रिया-प्रतिक्रिया का नियम
मुख्य अवधारणागति की अवस्था में परिवर्तन का विरोधबल, द्रव्यमान एवं त्वरण का संबंधपरस्पर क्रिया करने वाले बलों का संबंध
मुख्य कथनपरिणामी बल शून्य होने पर वस्तु विराम या नियत वेग बनाए रखती है।त्वरण बल के समानुपाती तथा द्रव्यमान के व्युत्क्रमानुपाती होता है।प्रत्येक क्रिया के बराबर एवं विपरीत प्रतिक्रिया होती है।
गणितीय संबंधFnet=0F=maF12 =-F21
उदाहरणघर्षण रहित सतह पर गतिशील वस्तुक्रिकेट में गेंद पकड़नारॉकेट का प्रमोचन

10. अध्याय के महत्वपूर्ण सूत्र (Important Formulae)

परीक्षा एवं संख्यात्मक प्रश्नों के लिए निम्नलिखित सूत्र विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं।

Important Formulae

प्रतीकों का अर्थ:

  • F = बल
  • m = द्रव्यमान
  • a = त्वरण
  • p = संवेग
  • u = प्रारंभिक वेग
  • v = अंतिम वेग
  • t = समय
  • s = विस्थापन
  • g = गुरुत्वीय त्वरण

11. महत्वपूर्ण एसआई मात्रक (SI Units)

भौतिक राशिएसआई मात्रक
द्रव्यमानकिलोग्राम (kg)
दूरी / विस्थापनमीटर (m)
समयसेकंड (s)
वेगमीटर/सेकंड (m/s)
त्वरणमीटर/सेकंड² (m/s²)
बलन्यूटन (N)
संवेगkg m/s
गुरुत्वीय त्वरणm/s²

12. परीक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवधारणाएँ

  1. बल एक सदिश राशि है। इसे परिमाण और दिशा दोनों से व्यक्त किया जाता है।
  2. परिणामी बल शून्य होने पर त्वरण शून्य होता है। वस्तु विराम में रह सकती है अथवा नियत वेग से गति कर सकती है।
  3. जड़त्व का माप द्रव्यमान है। अधिक द्रव्यमान का अर्थ अधिक जड़त्व है।
  4. घर्षण बल गति का विरोध करता है। सतह की प्रकृति के अनुसार इसका परिमाण बदलता है।
  5. न्यूटन का प्रथम नियम जड़त्व को स्पष्ट करता है।
  6. न्यूटन का द्वितीय नियम बल, द्रव्यमान और त्वरण के बीच संबंध बताता है।
  7. संवेग द्रव्यमान और वेग का गुणनफल है। इसकी दिशा वेग की दिशा में होती है।
  8. न्यूटन का तृतीय नियम क्रिया और प्रतिक्रिया को स्पष्ट करता है।
  9. क्रिया और प्रतिक्रिया बल अलग-अलग वस्तुओं पर लगते हैं, इसलिए वे एक-दूसरे को संतुलित नहीं करते।
  10. समान परिमाण के बल अलग-अलग द्रव्यमान वाली वस्तुओं में अलग-अलग त्वरण उत्पन्न कर सकते हैं।
  11. किसी निकाय की गति का अध्ययन करते समय बाह्य बल और कुल द्रव्यमान का उपयोग किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *