Class 9 Anveshan Science Chapter 5 Notes in Hindi | मिश्रण एवं उनके पृथक्करण

Class 9 Anveshan Science chapter 5 Notes in Hindi| मिश्रण एवं उनके पृथक्करण

कक्षा 9 विज्ञान – अध्याय 5: मिश्रण एवं उनके पृथक्करण का अन्वेषण नोट्स

(Exploration of Mixtures and Their Separation)

1. मिश्रण एवं उनका वर्गीकरण (Mixtures and Their Classification)

1.1 मिश्रण (Mixture)

जब दो या दो से अधिक शुद्ध पदार्थ बिना किसी रासायनिक अभिक्रिया के किसी भी अनुपात में मिलते हैं, तो मिश्रण बनता है। इसके घटकों को भौतिक विधियों द्वारा पृथक किया जा सकता है। उदाहरण: वायु, नमक का जल में घोल, पीतल तथा तेल और जल।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • मिश्रण में घटक अपने मूल गुणधर्म बनाए रखते हैं।
  • मिश्रण का कोई निश्चित गलनांक या क्वथनांक नहीं होता।
  • मिश्रण समांगी अथवा विषमांगी हो सकता है।

1.2 समांगी मिश्रण (Homogeneous Mixture)

ऐसा मिश्रण जिसके सभी घटक पूरे मिश्रण में समान रूप से वितरित होते हैं तथा प्रत्येक भाग का संघटन समान रहता है। उदाहरण: नमक का घोल, चीनी का घोल, सिरका तथा सोडा जल।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • इसमें केवल एक प्रावस्था दिखाई देती है।
  • घटकों को सामान्यतः अलग-अलग नहीं देखा जा सकता।
  • प्रत्येक विलयन समांगी मिश्रण होता है।
समांगी मिश्रण Homogeneous

1.3 विषमांगी मिश्रण (Heterogeneous Mixture)

ऐसा मिश्रण जिसके घटक पूरे मिश्रण में समान रूप से वितरित नहीं होते तथा अलग-अलग भागों का संघटन भिन्न होता है। उदाहरण: जल और रेत, जल और तेल, लोहे की छीलन और गंधक।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • इसमें दो या दो से अधिक प्रावस्थाएँ हो सकती हैं।
  • घटक अलग-अलग दिखाई दे सकते हैं।
  • इसके कुछ कण स्थिर रखने पर नीचे बैठ जाते हैं।
विषमांगी मिश्रण Heterogeneous

2. विलयन एवं उसकी सांद्रता (Solution and Concentration)

2.1 विलयन, विलेय एवं विलायक

विलयन (Solution): दो या दो से अधिक पदार्थों के समांगी मिश्रण को विलयन कहते हैं। इसके मुख्यतः दो घटक होते हैं।

  • विलेय (Solute): वह पदार्थ जो विलायक में घुलता है।
  • विलायक (Solvent): वह पदार्थ जिसमें विलेय घुलता है।

उदाहरण: चीनी और जल के विलयन में चीनी विलेय तथा जल विलायक है।

2.2 विलयन की सांद्रता (Concentration)

किसी निश्चित मात्रा के विलयन में उपस्थित विलेय की मात्रा उसकी सांद्रता कहलाती है।

विलयन की सही सांद्रता ORS, औषधियों, लवणीय विलयन तथा कृषि में पीड़कनाशियों के उपयोग के लिए आवश्यक है।

सांद्रता व्यक्त करने की विधियाँ:

1. द्रव्यमान-द्रव्यमान प्रतिशत (% m/m)

100 ग्राम विलयन में उपस्थित विलेय का द्रव्यमान।

Dravman partishat

2. द्रव्यमान-आयतन प्रतिशत (% m/v)

100 mL विलयन में उपस्थित विलेय का द्रव्यमान।

Dravman Ayatan Partishat

3. आयतन-आयतन प्रतिशत (% v/v)

100 mL विलयन में उपस्थित विलेय का आयतन।

Ayatan ayatan partishat

2.3 संतृप्त एवं असंतृप्त विलयन (Saturated and Unsaturated Solutions)

असंतृप्त विलयन: वह विलयन जिसमें किसी निश्चित तापमान पर और अधिक विलेय घुल सकता है।

संतृप्त विलयन: वह विलयन जिसमें किसी निश्चित तापमान पर विलेय की अधिकतम मात्रा घुल चुकी हो।

विलेयता (Solubility): किसी निश्चित तापमान पर 100 g विलायक में घुलने वाले विलेय की अधिकतम मात्रा को विलेयता कहते हैं।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • सामान्यतः तापमान बढ़ने पर ठोस पदार्थों की द्रव में विलेयता बढ़ती है।
  • सामान्यतः तापमान बढ़ने पर गैसों की द्रव में विलेयता घटती है।
  • गर्म संतृप्त विलयन को ठंडा करने पर अतिरिक्त विलेय क्रिस्टल के रूप में अलग हो सकता है।

2.4 विलेयता वक्र (Solubility Curve)

तापमान के साथ किसी पदार्थ की विलेयता में होने वाले परिवर्तन को ग्राफ द्वारा दर्शाया जाता है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • X-अक्ष पर तापमान दर्शाया जाता है।
  • Y-अक्ष पर 100 g जल में घुले विलेय का द्रव्यमान दर्शाया जाता है।
  • इससे विभिन्न तापमानों पर पदार्थों की विलेयता की तुलना की जा सकती है।
vileyta vakra

3. समांगी मिश्रणों के पृथक्करण की विधियाँ

3.1 क्रिस्टलीकरण (Crystallization)

संतृप्त विलयन से शुद्ध ठोस को क्रिस्टल के रूप में प्राप्त करने की प्रक्रिया क्रिस्टलीकरण कहलाती है। गर्म संतृप्त विलयन को धीरे-धीरे ठंडा करने पर अतिरिक्त विलेय नियमित ज्यामितीय आकार के क्रिस्टल के रूप में अलग हो जाता है। उदाहरण: कॉपर सल्फेट के शुद्ध क्रिस्टल, मिश्री तथा सेंधा नमक।

सिद्धांत: तापमान बदलने पर पदार्थों की विलेयता में परिवर्तन।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • क्रिस्टलीकरण द्वारा शुद्ध ठोस प्राप्त किया जाता है।
  • यह अशुद्धियाँ दूर करने में सहायक है।
  • धीरे-धीरे ठंडा करने पर बड़े एवं सुव्यवस्थित क्रिस्टल बनते हैं।
  • यह उन पदार्थों के लिए उपयोगी है जो गर्म करने पर विघटित हो सकते हैं।
crystal

3.2 आसवन (Distillation)

वाष्पीकरण और संघनन द्वारा द्रव को मिश्रण से पृथक करने की प्रक्रिया आसवन कहलाती है। मिश्रण को गर्म करने पर कम क्वथनांक वाला द्रव पहले वाष्पित होता है। उसकी वाष्प को संघनित्र में ठंडा करके पुनः द्रव के रूप में प्राप्त किया जाता है। उदाहरण: ऐसीटोन और जल का पृथक्करण।

सिद्धांत: मिश्रणीय द्रवों के क्वथनांकों में पर्याप्त अंतर।

  • ऐसीटोन का क्वथनांक = 56°C
  • जल का क्वथनांक = 100°C
  • अंतर = 44°C इसलिए इनका पृथक्करण साधारण आसवन द्वारा किया जा सकता है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • सामान्यतः क्वथनांकों में कम-से-कम 25°C का अंतर होने पर साधारण आसवन उपयोगी होता है।
  • नमक के विलयन से जल प्राप्त करने में भी इसका उपयोग होता है।
aaswan

3.3 प्रभाजी आसवन (Fractional Distillation)

जब दो या अधिक मिश्रणीय द्रवों के क्वथनांकों में अंतर 25°C से कम होता है, तब प्रभाजी स्तंभ की सहायता से उनका पृथक्करण किया जाता है। उदाहरण: अपरिष्कृत पेट्रोलियम का परिशोधन।

सिद्धांत: मिश्रणीय द्रवों के क्वथनांकों में कम अंतर।

पेट्रोलियम से प्राप्त प्रमुख प्रभाज:

  1. LPG
  2. पेट्रोल
  3. वैमानिक ईंधन
  4. केरोसिन
  5. डीजल
  6. स्नेहक तेल
  7. बिटुमिन
Screenshot 2026 11 14 092024

महत्वपूर्ण बिंदु: साधारण आसवन और प्रभाजी आसवन में मुख्य अंतर क्वथनांकों का अंतर तथा प्रभाजी स्तंभ का उपयोग है।

3.4 कागज वर्णलेखिकी (Paper Chromatography)

विलायक के साथ कागज की अंतरक्रिया और घटकों की गतिशीलता में अंतर के आधार पर घुलनशील/रंगीन पदार्थों के घटकों को पृथक करने की तकनीक कागज वर्णलेखिकी (Paper Chromatography) कहलाती है। इस विधि में मिश्रण के विभिन्न घटक कागज पर विलायक के साथ अलग-अलग गति से आगे बढ़ते हैं और पृथक हो जाते हैं। उदाहरण: काली स्याही के रंग तथा पालक की पत्तियों के वर्णकों का पृथक्करण।

सिद्धांत: घटकों की गतिशीलता तथा विलायक के साथ अंतःक्रिया में अंतर।

प्रयोग की प्रक्रिया:

  1. वर्णलेखन कागज पर पेंसिल से एक रेखा खींचें।
  2. रेखा पर स्याही का एक बिंदु बनाएँ।
  3. कागज को विलायक में इस प्रकार रखें कि स्याही का बिंदु विलायक के स्तर से ऊपर रहे।
  4. विलायक कागज पर ऊपर चढ़ता है।
  5. स्याही के विभिन्न रंग अलग-अलग धब्बों के रूप में दिखाई देते हैं।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • क्रोमा (Chroma) का अर्थ रंग तथा ग्रेफीन (Graphein) का अर्थ लिखना है।
  • विलायक का स्तर प्रारंभ में नमूने के बिंदु से नीचे होना चाहिए।

4. विषमांगी मिश्रणों के पृथक्करण की विधियाँ

4.1 पृथक्कारी कीप (Separating Funnel)

भिन्न घनत्व वाले अमिश्रणीय द्रवों को स्थिर रखकर उनकी पृथक परतों को पृथक्कारी कीप द्वारा अलग करने की विधि। अमिश्रणीय द्रवों को पृथक्कारी कीप में स्थिर रखने पर वे घनत्व के अंतर के कारण अलग-अलग परतें बनाते हैं। उदाहरण: सरसों का तेल और जल।

सिद्धांत: घनत्व में अंतर।

प्रक्रिया:

  1. मिश्रण को पृथक्कारी कीप में डालें।
  2. कुछ समय स्थिर रखें।
  3. भारी द्रव नीचे तथा हल्का द्रव ऊपर आ जाता है।
  4. स्टॉपकॉक खोलकर नीचे वाले द्रव को अलग कर लें।
पृथक्कारी कीप Separating Funnel

4.2 ऊर्ध्वपातन एवं निक्षेपण (Sublimation and Deposition)

ऊर्ध्वपातन: किसी ठोस का बिना द्रव बने सीधे वाष्प में बदलना।

निक्षेपण: किसी वाष्प का बिना द्रव बने सीधे ठोस में बदलना।

उदाहरण: कपूर, अमोनियम क्लोराइड, नेफ्थलीन तथा शुष्क बर्फ।

कपूर और रेत का पृथक्करण:

  1. कपूर और रेत को चीनी मिट्टी की प्याली में लें।
  2. ऊपर उल्टी कीप रखें और उसकी नली को रुई से बंद करें।
  3. मिश्रण को गर्म करें।
  4. कपूर वाष्प बनकर ऊपर उठता है।
  5. ठंडा होकर कीप की भीतरी सतह पर ठोस के रूप में जमा हो जाता है।
  6. रेत प्याली में रह जाती है।
ऊर्ध्वपातन एवं निक्षेपण Sublimation and Deposition

4.3 मिश्रधातु (Alloys)

दो या दो से अधिक धातुओं अथवा एक धातु और एक अधातु के समांगी मिश्रण को मिश्रधातु कहते हैं।

उदाहरण:

  • पीतल = ताँबा + जिंक।
  • काँसा = ताँबा + टिन।
  • स्टेनलेस स्टील = मुख्यतः लोहा, कार्बन तथा क्रोमियम आदि।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • मिश्रधातुएँ समांगी मिश्रण होती हैं।
  • इनके घटकों को सामान्य भौतिक विधियों से आसानी से अलग नहीं किया जा सकता।

4.4 निलंबन (Suspension)

जब किसी द्रव में अघुलनशील ठोस कण फैले रहते हैं और घुलते नहीं हैं, तो प्राप्त विषमांगी मिश्रण निलंबन कहलाता है। उदाहरण: पंकिल जल, जल में चॉक का चूर्ण तथा जल में रेत।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • निलंबन के कण बड़े होते हैं।
  • कण नग्न आँखों से दिखाई दे सकते हैं।
  • स्थिर रखने पर कण तली में बैठ जाते हैं।
  • निस्यंदन द्वारा कणों को अलग किया जा सकता है।

4.5 निलंबन के पृथक्करण की विधियाँ

(क) अपकेंद्रण (Centrifugation)

मिश्रण को तीव्र गति से घुमाने पर भारी कण अलग होकर नली की तली में एकत्र हो जाते हैं और हल्का द्रव ऊपर रह जाता है।

सिद्धांत: तीव्र चक्रण द्वारा अपकेंद्रीय प्रभाव।

उदाहरण:

  • रक्त के घटकों का पृथक्करण।
  • दूध से क्रीम अलग करना।
  • वाशिंग मशीन में कपड़ों से जल निकालना।
अपकेंद्रण Centrifugation

(ख) स्कंदन (Coagulation)

सूक्ष्म निलंबित कणों का स्कंदक की सहायता से बड़े गुच्छों में बदलना स्कंदन कहलाता है। फिटकरी जैसे स्कंदक मिलाने पर सूक्ष्म निलंबित कण आपस में जुड़कर बड़े गुच्छे बना लेते हैं। उदाहरण: फिटकरी द्वारा पंकिल जल का शुद्धिकरण।

(ग) अवसादन (Sedimentation)

गुरुत्वाकर्षण के कारण भारी कणों का पात्र की तली में बैठना अवसादन कहलाता है। उदाहरण: कीचड़युक्त जल में मिट्टी का नीचे बैठना।

(घ) निस्तारण एवं निस्यंदन (Decantation and Filtration)

  • निस्तारण: नीचे ठोस कण बैठ जाने पर ऊपर के द्रव को सावधानीपूर्वक दूसरे पात्र में डालना।
  • निस्यंदन: निस्यंदक पत्र या अन्य छिद्रयुक्त माध्यम से मिश्रण छानकर अघुलनशील ठोस को अलग करना।

उदाहरण: चाय की पत्तियों को चाय से अलग करना।


5. कोलॉइड एवं टिंडल प्रभाव (Colloids and Tyndall Effect)

5.1 कोलॉइड (Colloid)

वह विषमांगी मिश्रण जिसके कणों का आकार वास्तविक विलयन से बड़ा तथा निलंबन से छोटा होता है, कोलॉइड कहलाता है। कोलॉइड ऐसा विषमांगी मिश्रण है जो देखने में समांगी प्रतीत होता है। इसके सूक्ष्म कण पूरे माध्यम में फैले रहते हैं और स्थिर रखने पर नीचे नहीं बैठते। उदाहरण: दूध, रक्त, आइसक्रीम, टमाटर सॉस, बादल तथा कोहरा।

कणों का आकार: सामान्यतः 1 nm से 1000 nm के बीच।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • कोलॉइड वास्तव में विषमांगी मिश्रण है।
  • इसके कण नग्न आँखों से सामान्यतः दिखाई नहीं देते।
  • इसके कण स्थिर रखने पर नीचे नहीं बैठते।
  • कोलॉइड के कण प्रकाश का प्रकीर्णन करते हैं।

5.2 परिक्षिप्त प्रावस्था एवं परिक्षेपण माध्यम

परिक्षिप्त प्रावस्था (Dispersed Phase): कोलॉइड के वे सूक्ष्म कण जो किसी माध्यम में फैले रहते हैं।

परिक्षेपण माध्यम (Dispersion Medium): वह माध्यम जिसमें परिक्षिप्त प्रावस्था के कण फैले रहते हैं।

उदाहरण: दूध में वसा की सूक्ष्म बूँदें परिक्षिप्त प्रावस्था तथा जल परिक्षेपण माध्यम है।

5.3 पायस (Emulsion)

ऐसा कोलॉइड जिसमें परिक्षिप्त प्रावस्था और परिक्षेपण माध्यम दोनों द्रव अवस्था में होते हैं, पायस कहलाता है।

पायस के प्रकार:

  1. जल में तेल (Oil-in-Water): तेल की सूक्ष्म बूँदें जल में फैली रहती हैं। उदाहरण – दूध, बॉडी लोशन एवं वैनिशिंग क्रीम।
  2. तेल में जल (Water-in-Oil): जल की सूक्ष्म बूँदें तेल में फैली रहती हैं। उदाहरण – मक्खन एवं कोल्ड क्रीम।

5.4 टिंडल प्रभाव (Tyndall Effect)

कोलॉइड या निलंबन के कणों द्वारा प्रकाश के प्रकीर्णन की घटना टिंडल प्रभाव कहलाती है। जब प्रकाश की किरण कोलॉइड या निलंबन से गुजरती है, तो उसके कण प्रकाश का प्रकीर्णन करते हैं और प्रकाश का मार्ग दिखाई देने लगता है।

उदाहरण:

  • अँधेरे कमरे में सूर्य की किरण का मार्ग दिखाई देना।
  • जंगल में पेड़ों के बीच से छनकर आने वाला प्रकाश।
  • स्टेडियम की फ्लड लाइट में प्रकाश का मार्ग दिखाई देना।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • इसका अध्ययन वैज्ञानिक जॉन टिंडल ने किया था।
  • वास्तविक विलयन टिंडल प्रभाव नहीं दर्शाता।
  • कोलॉइड और निलंबन टिंडल प्रभाव दर्शाते हैं।

6. परीक्षा उपयोगी तुलनात्मक सारणियाँ

6.1 विलयन, कोलॉइड एवं निलंबन में अंतर

Solution Suspenson and collide
आधार विलयन कोलॉइड निलंबन
प्रकृति समांगी विषमांगी विषमांगी
कणों का आकार 1 nm से कम 1–1000 nm 1000 nm से अधिक
दृश्यता दिखाई नहीं देते सामान्यतः नहीं दिखते दिखाई दे सकते हैं
स्थिरता स्थायी स्थायी अस्थायी
कणों का बैठना नहीं नहीं हाँ
निस्यंदन साधारण निस्यंदन से नहीं साधारण निस्यंदन से नहीं निस्यंदन से संभव
टिंडल प्रभाव नहीं हाँ हाँ
उदाहरण नमक का घोल दूध पंकिल जल

6.2 पृथक्करण विधियों का सारांश

विधि पृथक्करण का आधार उदाहरण
क्रिस्टलीकरण विलेयता में अंतर कॉपर सल्फेट
आसवन क्वथनांक में पर्याप्त अंतर ऐसीटोन और जल
प्रभाजी आसवन क्वथनांक में कम अंतर पेट्रोलियम
वर्णलेखिकी घटकों की गति में अंतर स्याही के रंग
पृथक्कारी कीप घनत्व में अंतर तेल और जल
ऊर्ध्वपातन ऊर्ध्वपातन का गुण कपूर और रेत
अपकेंद्रण तीव्र चक्रण रक्त के घटक
स्कंदन सूक्ष्म कणों का गुच्छा बनना पंकिल जल

7. त्वरित पुनरावृत्ति (Quick Revision)

  1. मिश्रण दो या दो से अधिक पदार्थों से बनता है।
  2. समांगी मिश्रण का संघटन एकसमान होता है।
  3. विषमांगी मिश्रण का संघटन असमान होता है।
  4. विलेय विलायक में घुलता है।
  5. संतृप्त विलयन में किसी निश्चित तापमान पर अधिक विलेय नहीं घुल सकता।
  6. क्रिस्टलीकरण से शुद्ध ठोस प्राप्त किया जाता है।
  7. आसवन वाष्पीकरण एवं संघनन पर आधारित है।
  8. प्रभाजी आसवन का उपयोग कम क्वथनांक अंतर वाले द्रवों के लिए होता है।
  9. वर्णलेखिकी में घटकों की गति का अंतर महत्त्वपूर्ण है।
  10. पृथक्कारी कीप से अमिश्रणीय द्रव अलग किए जाते हैं।
  11. ऊर्ध्वपातन में ठोस सीधे वाष्प में बदलता है।
  12. अपकेंद्रण से रक्त के घटक एवं दूध से क्रीम अलग की जाती है।
  13. फिटकरी जल में सूक्ष्म कणों के स्कंदन में सहायक होती है।
  14. कोलॉइड वास्तव में विषमांगी मिश्रण है।
  15. पायस एक ऐसा कोलॉइड है जिसमें दोनों घटक द्रव होते हैं।
  16. टिंडल प्रभाव प्रकाश के प्रकीर्णन के कारण होता है।
https://youtu.be/zfSYaEYFLvU?si=Pji1tviO96QyrRoM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *