Class 9 Anveshan Science Chapter 4 Notes | अपने परिवेश में गति का वर्णन नोट्स

Class 9 Anveshan Science Chapter 4 | अपने परिवेश में गति का वर्णन

अध्याय 4: अपने परिवेश में गति का वर्णन(Class 9 Anveshan Science Chapter 4)

4.1 सरल रेखा में गति

स्थिति, गति और विरामावस्था

किसी वस्तु की स्थिति बताने के लिए एक निश्चित संदर्भ बिंदु चुनना पड़ता है। उस बिंदु से वस्तु की दूरी के साथ उसकी दिशा बताने पर स्थिति स्पष्ट होती है। गति का वर्णन हमेशा किसी संदर्भ बिंदु के सापेक्ष किया जाता है।

संदर्भ बिंदु (Reference Point): वह नियत बिंदु जिसके सापेक्ष किसी वस्तु की स्थिति बताई जाती है।

मूल बिंदु (Origin): स्थिति मापने के लिए चुना गया संदर्भ बिंदु, जिसे प्रायः (O) से दर्शाते हैं।

गति: यदि समय के साथ संदर्भ बिंदु के सापेक्ष वस्तु की स्थिति बदलती है, तो वस्तु गति में है। OR

समय के साथ किसी वस्तु की स्थिति में होने वाले परिवर्तन को गति कहते हैं।

विराम: यदि समय के साथ स्थिति नहीं बदलती, तो वस्तु विराम में है।

उदाहरण: सड़क किनारे खड़े व्यक्ति के सापेक्ष आगे बढ़ती बस गतिशील है। बस में बैठे यात्री के सापेक्ष पास की सीट पर बैठा दूसरा यात्री विरामावस्था में है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • गति और विराम का निर्णय संदर्भ बिंदु पर निर्भर करता है।
  • सरल रेखा पर दिशा बताने के लिए एक दिशा को धनात्मक (+) और विपरीत दिशा को ऋणात्मक (–) मान सकते हैं।
  • मूल बिंदु और धनात्मक दिशा सुविधा के अनुसार चुनें; प्रश्न हल करते समय चुनी हुई दिशा को न बदलें।

दूरी और विस्थापन (Distance and Displacement)

  • दूरी (Distance): किसी वस्तु द्वारा तय किए गए वास्तविक पथ की कुल लंबाई को दूरी कहते हैं।
    • यह एक अदिश राशि है (इसमें केवल परिमाण होता है)।
    • इसका SI मात्रक मीटर (m) है।
  • विस्थापन (Displacement): किसी वस्तु की प्रारंभिक स्थिति और अंतिम स्थिति के बीच की न्यूनतम (सीधी रेखा वाली) दूरी को विस्थापन कहते हैं।
    • यह एक सदिश राशि है (इसमें परिमाण और दिशा दोनों होते हैं)।
    • इसका SI मात्रक मीटर (m) है।

उदाहरण: धावक O से 40 m दूर B तक, फिर 60 m आगे A तक और वापस B तक दौड़ता है। उसकी चलित दूरी (40+60+60=160) m है, जबकि O से अंतिम स्थिति B तक उसका विस्थापन 40 m, आगे की दिशा में है। यदि धावक O पर लौट आए, तो उसका विस्थापन शून्य होगा, भले ही उसने दूरी तय की हो।

Total Distace Displacement

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • चलित दूरी कभी ऋणात्मक नहीं होती; विस्थापन धनात्मक, ऋणात्मक या शून्य हो सकता है।
  • विस्थापन का परिमाण चलित दूरी से अधिक नहीं हो सकता।
  • यदि वस्तु सीधी रेखा में एक ही दिशा में चलती रहे, तो चलित दूरी और विस्थापन के परिमाण बराबर होते हैं।

अदिश राशि (Scalar Quantity) और सदिश राशि (Vector Quantity)

  • अदिश राशि (Scalar Quantity): वह भौतिक राशि जिसमें केवल परिमाण (Magnitude) होता है, लेकिन कोई दिशा (Direction) नहीं होती है।
  • इन्हें सामान्य गणितीय (बीजगणितीय) नियमों के अनुसार जोड़ा या घटाया जा सकता है।
  • उदाहरण:
    • द्रव्यमान (Mass) – जैसे 5 kg
    • तापमान (Temperature) – जैसे 30°C
    • दूरी (Distance)
    • समय (Time) – जैसे 2 घंटे
    • चाल (Speed)
  • सदिश राशि (Vector Quantity): वह भौतिक राशि जिसमें परिमाण और दिशा दोनों होते हैं, और जो योग के विशेष नियमों (जैसे सदिश योग के नियम) का पालन करती है।
  • उदाहरण:
    • वेग (Velocity) – जैसे 30 मीटर/सेकंड, पूर्व दिशा की ओर
    • बल (Force) – जैसे किसी वस्तु पर नीचे या ऊपर की ओर लगाया गया बल
    • विस्थापन (Displacement)
    • त्वरण (Acceleration)

माध्य चाल और माध्य वेग

माध्य चाल बताती है कि वस्तु ने औसतन कितनी तेजी से दूरी तय की। माध्य वेग बताता है कि उसकी स्थिति समय के साथ औसतन कितनी तेजी और किस दिशा में बदली।

Linear Motion

चाल (Speed): वस्तु द्वारा तय की गई कुल दूरी और उसमें लगे समय अंतराल के अनुपात को चाल कहते हैं।

  • माध्य चाल (Average Speed): कुल चलित दूरी को उस दूरी को तय करने में लगे समय अंतराल से भाग देने पर प्राप्त मान।

माध्य चाल = कुल चलित दूरी ÷ समय अंतराल

  • माध्य चाल की कोई दिशा नहीं होती, केवल आंकिक मान होता है, क्योंकि यह चलित दूरी से निकाली जाती है।

वेग (Velocity): एक निश्चित दिशा में चाल, या प्रति इकाई समय में हुए विस्थापन को वेग कहते हैं।

माध्य वेग (Average Velocity): किसी वस्तु की स्थिति में परिवर्तन (अर्थात् कुल विस्थापन) को उस परिवर्तन में लगे समयांतराल से विभाजित करने पर माध्य वेग प्राप्त होता है।

माध्य चाल अदिश राशि है। माध्य वेग सदिश राशि है और उसकी दिशा विस्थापन की दिशा में होती है।

madhya chaal aur madhya tawran

उदाहरण: 25 m लंबे तरण-ताल में सारंग एक किनारे से दूसरे किनारे तक तैरकर वापस लौटता है। उसे 50 s लगते हैं। कुल दूरी 50 m और विस्थापन 0 m है। इसलिए उसकी माध्य चाल (50/50=1) m/s तथा माध्य वेग 0 m/s है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • चाल और वेग का SI मात्रक मीटर प्रति सेकंड (m/s या m s⁻¹) है। इन्हें किलोमीटर प्रति घंटा (km/h) में भी व्यक्त किया जाता है।
  • एक ही दिशा में सरल रेखीय गति होने पर माध्य चाल और माध्य वेग के परिमाण बराबर होते हैं।
  • वस्तु आरंभिक स्थिति पर लौट आए, तो विस्थापन और माध्य वेग शून्य होंगे; चलित दूरी और माध्य चाल शून्य होना आवश्यक नहीं।
  • किसी विशेष क्षण पर वस्तु के वेग को तात्क्षणिक वेग कहते हैं। चालमापी (स्पीडोमीटर) उस क्षण के वेग का परिमाण लगभग बताता है।

एकसमान और असमान सरल रेखीय गति: वस्तु समान समय-अंतरालों में समान दूरियाँ तय करे, तो उसकी चाल एकसमान होती है। समान समय-अंतरालों में दूरियाँ असमान हों, तो गति असमान होती है और चाल बदलती है।

त्वरण: वेग में परिवर्तन की दर को त्वरण कहते हैं।

माध्य त्वरण: किसी समय-अंतराल में वेग के परिवर्तन और उस समय-अंतराल के अनुपात को माध्य त्वरण कहते हैं।

त्वरण का एसआई मात्रक m/s² या m s⁻² है। त्वरण सदिश राशि है।

Screenshot 2026 11 10 072204

त्वरण (जिसे तात्कालिक त्वरण भी कहते हैं) किसी विशेष क्षण पर वेग परिवर्तन की दर को दर्शाता है, जबकि माध्य त्वरण किसी लंबी समयावधि में कुल वेग परिवर्तन और कुल समय का अनुपात होता है

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • सरल रेखीय गति में वेग का परिमाण बढ़े, तो त्वरण वेग की दिशा में होता है; वेग का परिमाण घटे, तो त्वरण वेग की विपरीत दिशा में होता है।
  • वेग का परिमाण स्थिर होने पर भी दिशा बदल सकती है। दिशा बदलने पर वेग बदलता है और त्वरण शून्य नहीं होता।
  • नियत वेग से चलती वस्तु का त्वरण शून्य होता है, चाहे उसकी चाल अधिक हो।
  • पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के कारण गिरती वस्तु का त्वरण गुरुत्वीय त्वरण कहलाता है और इसे (g) से दर्शाते हैं। इसका परिमाण लगभग (9.8) m/s² है। दिशा नीचे की ओर होती है।
  • इस अध्याय में नियत त्वरण वाली गतियों का अध्ययन किया गया है। किसी क्षण विशेष पर त्वरण को तात्क्षणिक त्वरण कहते हैं।
Velocity Acceleration

4.2 गति का आलेखीय निरूपण

आलेख समय के साथ स्थिति, वेग या त्वरण में होने वाले परिवर्तन को चित्रात्मक रूप में दिखाते हैं। इनसे गतियों की तुलना करना और कुछ भौतिक राशियों का मान निकालना आसान होता है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • आलेख वस्तु के यात्रा-पथ का नक्शा नहीं होता। यह केवल दिखाता है कि चुनी हुई राशियाँ समय के साथ कैसे बदलती हैं।
  • इस अध्याय के स्थिति-समय और वेग-समय आलेख एकदिशीय सरल रेखीय गति के लिए हैं। वस्तु दिशा न बदले, तो दूरी और विस्थापन के परिमाण तथा चाल और वेग के परिमाण बराबर होते हैं।

स्थिति-समय आलेख

स्थिति-समय आलेख में समय के साथ वस्तु की स्थिति में होने वाला परिवर्तन दिखाया जाता है। इसकी रेखा या वक्र का आकार गति की प्रकृति के बारे में जानकारी देता है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • सीधी रेखा वाला स्थिति-समय आलेख नियत वेग को दर्शाता है।
  • वक्र रेखा बदलते वेग को दर्शाती है।
  • समय-अक्ष के समांतर रेखा का अर्थ है कि स्थिति बदल नहीं रही; वस्तु विराम में है।
  • समान समय-अंतराल में जिस वस्तु का विस्थापन अधिक हो, उसके आलेख की प्रवणता अधिक और वेग का परिमाण अधिक होता है।
Isthithi samay graph

वेग-समय आलेख

वेग-समय आलेख समय के साथ वस्तु के वेग में होने वाले परिवर्तन को दर्शाता है। इसकी प्रवणता से त्वरण और समय-अक्ष के साथ घिरा क्षेत्रफल लेकर विस्थापन निकाला जा सकता है। वेग-समय आलेख की रेखा और समय-अक्ष के बीच का क्षेत्रफल उस समय-अंतराल का विस्थापन देता है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • वेग-समय आलेख समय-अक्ष के समांतर हो, तो वेग नियत और त्वरण शून्य है।
  • सीधी तिरछी रेखा नियत त्वरण या नियत मंदन दर्शाती है।
  • बढ़ते वेग के लिए प्रवणता धनात्मक और घटते वेग के लिए ऋणात्मक हो सकती है।
  • वेग ऋणात्मक हो, तो समय-अक्ष के नीचे का क्षेत्रफल ऋणात्मक विस्थापन दर्शाता है। कुल दूरी के लिए प्रत्येक भाग के क्षेत्रफल का परिमाण जोड़ें।
veg samay graph

4.3 सरल रेखा में नियत त्वरण से गति के समीकरण

नियत त्वरण वाली सरल रेखीय गति में प्रारंभिक वेग, अंतिम वेग, समय, त्वरण और विस्थापन परस्पर संबंधित होते हैं। इन संबंधों से गति के अज्ञात मान निकाले जा सकते हैं।

नियत त्वरण वाली गति के लिए तीन शुद्धगतिक समीकरण हैं:

Kinematic Equations

4.4 समतल में गति

किसी वस्तु की स्थिति बताने के लिए जितने स्वतंत्र निर्देशांकों की आवश्यकता होती है, उसके आधार पर गति को एकविमीय, द्विविमीय या त्रिविमीय कहा जाता है।

परिभाषा/अवधारणा:

  • एकविमीय गति (One-dimensional motion): गति एक सीधी रेखा में होती है।
  • द्विविमीय गति (Two-dimensional motion): गति एक समतल में होती है और स्थिति के लिए दो निर्देशांक चाहिए।
  • त्रिविमीय गति (Three-dimensional motion): गति अंतरिक्ष में होती है और स्थिति के लिए तीन निर्देशांक चाहिए।

उदाहरण:

  • सीधी सड़क पर चलती रेलगाड़ी: एकविमीय गति।
  • समतल में चलती गेंद: द्विविमीय गति।
  • आकाश में उड़ता पक्षी: त्रिविमीय गति।
samtal me gati

एकसमान वृत्तीय गति

जब वस्तु किसी वृत्ताकार पथ पर नियत चाल से चलती है, तो उसकी गति एकसमान वृत्तीय गति कहलाती है। वृत्ताकार पथ पर चलते समय वस्तु की चाल स्थिर हो सकती है, पर वृत्त के अलग-अलग बिंदुओं पर उसकी गति की दिशा बदलती रहती है।

यदि एक चक्कर पूरा करने में (T) समय लगे, तो माध्य चाल है:

एक पूरे चक्कर के लिए विस्थापन शून्य होने से माध्य वेग भी शून्य होता है।

उदाहरण: वृत्ताकार दौड़-पथ पर धावक की चाल स्थिर रह सकती है, लेकिन मोड़ पर उसकी दिशा बदलती है। इसलिए उसका वेग बदलता है।

Screenshot 2026 11 10 111106

महत्वपूर्ण बिंदु:

  • वृत्त के किसी बिंदु पर वेग की दिशा उस बिंदु पर खींची गई स्पर्शरेखा की दिशा में होती है।
  • एकसमान वृत्तीय गति में चाल नियत रहती है, पर वेग की दिशा लगातार बदलती है; इसलिए त्वरण शून्य नहीं होता।
  • वृत्ताकार पथ एक आदर्श प्रतिरूप है, जिससे वाहन के मोड़ पर मुड़ने और ग्रहों की गति जैसी अधिक जटिल गतियों को समझने में सहायता मिलती है।
Screenshot 2026 11 09 093006

अध्याय का त्वरित पुनरावर्तन

  • दूरी पूरे पथ की लंबाई है; विस्थापन आरंभिक से अंतिम स्थिति तक का निर्देशित परिवर्तन है।
  • माध्य त्वरण = वेग में परिवर्तन ÷ समय।
  • स्थिति-समय आलेख की प्रवणता वेग देती है।
  • वेग-समय आलेख की प्रवणता त्वरण देती है और उसके नीचे का क्षेत्रफल विस्थापन देता है।
  • एकसमान वृत्तीय गति में चाल नियत रहती है, लेकिन दिशा बदलने से वेग और त्वरण बदलते हैं।
Quick Revision

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *